बर्खास्तगी के बाद सुर्खियों में आए यूपी पुलिस के सुनील शुक्ला, अब मिला 1 लाख रुपये महीने की नौकरी का प्रस्ताव

Share This

 

लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस से बाहर किए गए आरक्षी सुनील कुमार शुक्ला एक बार फिर चर्चा में हैं। कभी विभाग के खिलाफ लगाए गए आरोपों को लेकर सुर्खियों में आए सुनील को अब नया काम मिलने का प्रस्ताव मिला है। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने उन्हें अपने साथ जुड़ने के लिए 1 लाख रुपये प्रतिमाह वेतन देने की पेशकश की है।

कौन हैं ये सिपाही

अमेठी के गौरीगंज क्षेत्र के रहने वाले सुनील शुक्ला 2015 बैच के पुलिसकर्मी थे। वह लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट की रिजर्व पुलिस लाइंस में तैनात रहे। हालांकि, कुछ महीने पहले सोशल मीडिया पर जारी किए गए उनके वीडियो के बाद विभागीय स्तर पर विवाद खड़ा हो गया था।

सुनील ने वीडियो के जरिए पुलिस विभाग में कथित भ्रष्टाचार, ड्यूटी लगाने के नाम पर पैसों की मांग और अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए थे। उनके बयानों के बाद पुलिस विभाग ने मामले की जांच कराई थी।

इसलिए हुए थे बर्खास्त

जांच में आरोपों के समर्थन में ठोस प्रमाण नहीं मिलने और विभागीय नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक, अनुशासनहीनता, अधिकारियों के प्रति आपत्तिजनक भाषा और सोशल मीडिया नियमों के उल्लंघन के आधार पर उन्हें सेवा से बर्खास्त किया गया।

कार्रवाई के बाद सुनील शुक्ला ने कहा था कि उन्होंने जो कुछ कहा, वह व्यवस्था में सुधार के लिए कहा था और उन्हें इसकी कीमत चुकानी पड़ी। अब नौकरी जाने के बाद मिले इस प्रस्ताव ने उनके मामले को फिर चर्चा में ला दिया है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *