उत्तर प्रदेश में ई-चालान व्यवस्था से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुल्तानपुर में एक किसान के ट्रैक्टर का चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने के आरोप में जारी कर दिया गया, जबकि किसान का दावा है कि उनका ट्रैक्टर उस समय घर पर खड़ा था। सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह रही कि चालान में दिखाई गई तस्वीर ट्रैक्टर की नहीं, बल्कि एक बाइक सवार की थी।
ये है मामला
मामला गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के इसहाकपुर गांव का है। यहां रहने वाले किसान बृजेश वर्मा उस समय हैरान रह गए, जब उनके मोबाइल पर ई-चालान का संदेश पहुंचा। खेती के काम में इस्तेमाल होने वाले उनके ट्रैक्टर पर ट्रैफिक नियम तोड़ने का जुर्माना लगाया गया था।
जब किसान ने चालान की डिटेल ऑनलाइन देखी तो पूरा मामला सामने आया। चालान में बिना हेलमेट बाइक चलाते हुए एक युवक की फोटो मौजूद थी, लेकिन वाहन नंबर उनके ट्रैक्टर का दर्ज था। किसान के मुताबिक, न तो उनका ट्रैक्टर उस जगह गया था और न ही उन्होंने कोई ट्रैफिक नियम तोड़ा था।
मामले को लेकर बृजेश वर्मा ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान सामने आया कि चालान की कार्रवाई अंबेडकरनगर जिले के बेवाना थाना क्षेत्र से जुड़ी हुई है। हालांकि, अब किसान को इस गलती को ठीक कराने के लिए संबंधित विभागों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
उठ रहे सवाल
इस घटना के बाद ई-चालान प्रक्रिया की जांच और वाहन नंबर की पुष्टि को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों में भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि चालान जारी करने से पहले वाहन की पहचान और फोटो का सही मिलान किया जाना जरूरी है, ताकि किसी निर्दोष व्यक्ति को परेशानी न उठानी पड़े।