मथुरा। सदर बाजार थाना क्षेत्र के सिविल लाइन स्थित केनरा बैंक में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक सिपाही ने शनिवार रात कथित तौर पर अपनी सरकारी राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली गले में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे जिला अस्पताल लेकर गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या मान रही है। हालांकि, सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
कौन है सिपाही
मृतक की पहचान एटा जिले के पिलुआ थाना क्षेत्र के गांव गड़ुआ निवासी 42 वर्षीय अजीत के रूप में हुई है। वह वर्तमान में हाईवे थाना क्षेत्र की बालाजीपुरम कॉलोनी में रहते थे और पिछले 12 वर्षों से सिविल लाइन स्थित केनरा बैंक की सुरक्षा में तैनात थे। शनिवार रात करीब नौ बजे बैंक परिसर से गोली चलने की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को मिली। सूचना मिलते ही सदर बाजार थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल अजीत को जिला अस्पताल भिजवाया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी राजीव कुमार और सीओ सिटी आशना चौधरी भी जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने चिकित्सकों और पुलिसकर्मियों से घटना की जानकारी ली। शुरुआती जांच में सामने आया है कि अजीत के गले में उनकी सरकारी राइफल से गोली लगी थी।
कलह से थे परेशान
एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि अजीत कुछ समय से पारिवारिक कारणों को लेकर तनाव में थे। हालांकि, पुलिस आत्महत्या के पीछे अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। इसके लिए मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उसकी कॉल डिटेल तलाशी जा रही है।