झांसी। छुट्टी पर अपनों के बीच समय बिताने घर आए उत्तर प्रदेश पुलिस के एक जवान की दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। सकरार थाना क्षेत्र के ढौडा गांव निवासी सिपाही रूपेंद्र कुशवाहा की रविवार को घर में सबमर्सिबल ठीक करते समय करंट लगने से जान चली गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव और पुलिस विभाग में शोक की लहर फैल गई।
रूपेंद्र कुशवाहा यूपी पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात थे और वर्तमान में बांदा पुलिस लाइन में उनकी तैनाती थी। वह वर्ष 2020 बैच के सिपाही थे और छुट्टी लेकर अपने गांव आए हुए थे। रविवार को घर में लगे सबमर्सिबल के बिजली कनेक्शन में कुछ खराबी आ गई थी। उसे ठीक करने के लिए वह तार जोड़ रहे थे, तभी अचानक करंट की चपेट में आ गए।
उछलकर गिरे बाहर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करंट का झटका इतना तेज था कि रूपेंद्र घर के अंदर से उछलकर मुख्य गेट के बाहर जा गिरे। परिजन और आसपास के लोग तुरंत उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे। पहले सकरार में इलाज कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रूपेंद्र की शादी करीब तीन साल पहले पूजा के साथ हुई थी। दंपती का छह माह का बेटा है। पति की अचानक मौत की खबर सुनते ही पत्नी बेसुध हो गई। परिवार के लिए सबसे बड़ा दुख यह है कि जिस बेटे को पिता का सहारा मिलना था, वह इतनी कम उम्र में पिता से दूर हो गया।
पिता की मौत के बाद रूपेंद्र ने संभाला था परिवार
ग्रामीणों के अनुसार, रूपेंद्र ने कम उम्र में ही परिवार की जिम्मेदारी संभाल ली थी। करीब सात-आठ साल पहले सर्पदंश से उनके पिता प्रदीप कुशवाहा की मौत हो गई थी। इसके बाद परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी रूपेंद्र के कंधों पर आ गई थी। पुलिस में नौकरी मिलने के बाद परिवार को उम्मीद की नई राह मिली थी, लेकिन हादसे ने खुशियां छीन लीं। ग्राम प्रधान साहब सिंह ने बताया कि रूपेंद्र स्वभाव से बेहद सरल और मिलनसार थे। वह परिवार के साथ-साथ गांव के लोगों की भी मदद करते थे।