अंबेडकरनगर में STF की मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश आसिफ ढेर, हत्या-डकैती के 21 से ज्यादा मामलों में था वांछित

Share This

उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में मंगलवार सुबह यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश आसिफ उर्फ विक्की छैमार मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस के अनुसार, गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए आसिफ को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आसिफ लंबे समय से हत्या, डकैती और लूट जैसी सनसनीखेज वारदातों में वांछित चल रहा था और उस पर उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में 21 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।

यह मुठभेड़ अंबेडकरनगर के बिवाना थाना क्षेत्र में हुई। एसटीएफ के मुताबिक, मारा गया बदमाश कानपुर नगर के बिल्लौर थाना क्षेत्र के मकनपुर गांव का रहने वाला था। पुलिस ने उसके कब्जे से 32 बोर की पिस्टल, 12 बोर की पौनिया, भारी मात्रा में कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस ने दी जानकारी

पुलिस के अनुसार, आसिफ अपने गैंग के साथ घरों में घुसकर परिवारों को बंधक बनाकर डकैती डालता था। विरोध करने पर वह हत्या करने से भी नहीं हिचकता था। वह कई वर्षों से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।

आसिफ का नाम उत्तर प्रदेश की कई चर्चित वारदातों से जुड़ा रहा है। वर्ष 2013 में सुल्तानपुर में उसने अपने साथियों के साथ घर में घुसकर डकैती के दौरान हत्या की थी। इसके बाद वर्ष 2014 में जौनपुर के शाहगंज में एक परिवार को बंधक बनाकर लाखों रुपये की डकैती डाली। इस दौरान परिवार के पांच लोगों पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिनमें दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में वह लंबे समय से फरार और वांछित था।

इसके अलावा वर्ष 2015 में कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र में डकैती के दौरान एक दंपती की हत्या और उसी साल मुजफ्फरनगर के छपार क्षेत्र में एक ही रात कई घरों में डकैती की घटनाओं में भी उसका नाम सामने आया था। वर्ष 2021 में कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र में तासीम नामक व्यक्ति की हत्या के मामले में भी वह आरोपी था।

एसटीएफ ने दी जानकारी

एसटीएफ का कहना है कि आसिफ बेहद शातिर और खूंखार अपराधी था, जिसकी लंबे समय से तलाश की जा रही थी। उसकी मौत के साथ पुलिस ने कई पुराने और चर्चित मामलों के मुख्य आरोपियों में से एक का अंत होने का दावा किया है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *