उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में बदायूं जिले में देर रात हुई एक बड़ी मुठभेड़ में पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को ढेर कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर बदमाश ने फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। मुठभेड़ में जहां एक कुख्यात अपराधी मारा गया, वहीं पुलिस के दो जवान भी घायल हो गए। यह घटना एक बार फिर से साफ करती है कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों पर पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है।
ऐसे हुई मुठभेड़
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के हाईवे के पास बुधवार देर रात करीब 10 बजे पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी जितेंद्र उर्फ ढालू को ढेर कर दिया। पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ के दौरान उपनिरीक्षक नीरज कुमार और सिपाही अविनाश भी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों जवानों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने मौके से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, भारी मात्रा में कारतूस और कुछ आभूषण बरामद किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मारा गया बदमाश जितेंद्र उर्फ ढालू मूल रूप से हापुड़ के धौलाना थाना क्षेत्र के ग्राम बछेड़ा का रहने वाला था। वह इस्लामनगर समेत तीन बड़ी डकैती की वारदातों में वांछित था और उस पर गौतमबुद्धनगर, अमरोहा और बदायूं सहित कई जिलों में लूट-डकैती के एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज थे। उसके ऊपर आईजी बरेली रेंज द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
एसएसपी ने दी जानकारी
एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और संभल के जनेटा इलाके में छिपकर वारदातों को अंजाम दे रहा था। बुधवार रात जिले में चल रहे चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।