लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय, लखनऊ में अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो रहे अधिकारियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक/अपर निदेशक, उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस, लखनऊ राजीव मल्होत्रा तथा पुलिस अधीक्षक, अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी), उत्तर प्रदेश, लखनऊ गिरिजेश कुमार को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
वरिष्ठ अफसरों ने कहा ये
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने दोनों अधिकारियों के साथ अपने सेवाकाल के दौरान बिताए गए महत्वपूर्ण और स्मरणीय अनुभव साझा किए। पुलिस महानिदेशक सीआईडी/साइबर क्राइम बी.के. सिंह, उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस के निदेशक जी.के. गोस्वामी तथा पुलिस महानिरीक्षक सीआईडी अखिलेश निगम ने सेवानिवृत्त अधिकारियों की कार्यशैली, समर्पण और संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों ने अपने लंबे सेवाकाल में जिम्मेदारी, ईमानदारी और पेशेवर दक्षता के साथ कार्य करते हुए विभाग को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
डीजीपी ने दी बधाई
उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने सेवानिवृत्त अधिकारियों को उनके दीर्घ, समर्पित और उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों की सेवाएं विभाग के लिए हमेशा प्रेरणादायक रहेंगी। साथ ही उनके स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए जीवन के नए चरण के लिए शुभेच्छाएं भी दीं।
समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने राजीव मल्होत्रा और गिरिजेश कुमार का सम्मान किया तथा उनके साथ बिताए गए यादगार पलों को साझा किया। भावनात्मक माहौल में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में सभी ने दोनों अधिकारियों के स्वस्थ, सुखी और सफल भविष्य की कामना की।