शाहजहांपुर में सड़क हादसे ने छीनी सिपाही की जिंदगी, इलाज के दौरान कांस्टेबल ने तोड़ा दम

Share This

 

शाहजहांपुर: ड्यूटी के दौरान हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में यूपी पुलिस के जवान विकास सांगवान की मौत हो गई। पशुपालन विभाग की एंबुलेंस में सवार विकास गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें बेहतर इलाज के लिए बरेली के निजी अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।

ऐसे हुआ हादसा

यह हादसा सोमवार देर रात मीरानपुर कटरा क्षेत्र में हुआ। पशुपालन विभाग की एंबुलेंस किसी सरकारी कार्य से जा रही थी। एंबुलेंस में मीरानपुर कटरा थाने में तैनात सिपाही विकास सांगवान, पशु चिकित्सक डॉ. लक्ष्य सिंह और चालक अनिल कुमार मौजूद थे। कस्बे के बाहर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से एंबुलेंस की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। विकास की हालत नाजुक होने पर उन्हें बरेली रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। अन्य दोनों घायलों का उपचार जारी है।

28 वर्षीय विकास सांगवान मूल रूप से हरियाणा के भिवानी जिले के संडवा गांव के निवासी थे। वर्ष 2020 में वह उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती हुए थे और जून 2024 से मीरानपुर कटरा थाने में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

पत्नी का रो रो कर बुला हाल

विकास अपने पीछे पत्नी और ढाई साल की बेटी को छोड़ गए हैं। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। साथी पुलिसकर्मियों ने भी उनके निधन पर गहरा शोक जताया है।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और एंबुलेंस ट्रक से कैसे टकराई, इसकी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *