लखीमपुर खीरी में पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने अनुशासनहीनता के मामलों में सख्त रुख अपनाते हुए चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही सभी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
निलंबित हुए ये पुलिसकर्मी
निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में थाना पलिया में तैनात उपनिरीक्षक अरविंद कुमार वर्मा, थाना खीरी के आरक्षी इंद्रपाल सिंह, महिला थाना खीरी की महिला आरक्षी अर्चना यादव तथा सैनिक/कवच सेल के प्रभारी निरीक्षक असलम अली शामिल हैं।
पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार उपनिरीक्षक अरविंद कुमार वर्मा और आरक्षी इंद्रपाल सिंह अवकाश समाप्त होने के बाद बिना किसी पूर्व सूचना के अपने कार्यस्थल से अनुपस्थित पाए गए। इसे सेवा नियमों का उल्लंघन मानते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।
वहीं महिला आरक्षी अर्चना यादव पर पुलिस वर्दी में रील बनाकर उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित करने का आरोप है। अधिकारियों के अनुसार यह कृत्य उत्तर प्रदेश सोशल मीडिया नीति-2023 के प्रावधानों के विपरीत पाया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्हें भी निलंबित कर दिया गया है।
इनपर भी हुई कार्रवाई
इसके अलावा सैनिक/कवच सेल के प्रभारी निरीक्षक असलम अली के खिलाफ भी अनुशासनहीनता संबंधी आरोपों के आधार पर कार्रवाई की गई है। एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है और नियमों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विभागीय जांच पूरी निष्पक्षता से कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।