आगरा के बरहन थाना क्षेत्र के खेड़ा मोहल्ला निवासी एक महिला ने थाना बरहन में तैनात एक दरोगा पर उत्पीड़न और मनमानी कार्रवाई के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला नीलम पत्नी बनवारी लाल ने इस मामले में पुलिस आयुक्त से शिकायत करते हुए न्याय की मांग की है।
पीड़िता ने लगाए आरोप
पीड़िता का कहना है कि उसके दो नाबालिग बेटे हैं, जो लंबे समय से गांव में नहीं रह रहे हैं। इसके बावजूद थाने की ओर से उनके नाम पर गलत तरीके से कार्रवाई दर्ज की जा रही है। महिला ने आरोप लगाया कि एक स्थानीय गांव के कुछ लोगों के दबाव में आकर दरोगा उनके परिवार को लगातार परेशान कर रहे हैं और बिना आधार के केस में फंसाने की कोशिश की जा रही है।
नीलम का यह भी आरोप है कि उन्हें और उनके परिवार को धमकाया जा रहा है, जिससे वे मानसिक रूप से परेशान हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं दूसरी ओर थाना पुलिस ने महिला के आरोपों को खारिज किया है। पुलिस का कहना है कि महिला का अपने परिवार, खासकर अपनी देवरानी से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। पुलिस के अनुसार, यह पूरा मामला पारिवारिक और जमीन विवाद से जुड़ा है, और इसी कारण दरोगा पर गलत आरोप लगाए जा रहे हैं।
डीसीपी ने दी जानकारी
पुलिस ने यह भी कहा कि मामले की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मामले पर डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है और पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।