UP Police Recruitment Exam: पेपर लीक अफवाह फैलाने वाले टेलीग्राम चैनल पर केस दर्ज, बोर्ड ने दी सख्त चेतावनी

Share This

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा प्रस्तावित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। बोर्ड के अनुसार परीक्षा का आयोजन 08 जून, 09 जून और 10 जून 2026 को किया जाना है। परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

बोर्ड रख रहा नजर

बोर्ड की सोशल मीडिया सेल द्वारा व्हाट्सएप, X (ट्विटर), फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। इसी दौरान टेलीग्राम पर “Upp exam paper” नाम के एक चैनल पर परीक्षा का प्रश्न पत्र उपलब्ध कराने और अनुचित लाभ दिलाने से जुड़ा एक भ्रामक संदेश सामने आया।

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना हुसैनगंज, कमिश्नरेट लखनऊ में 06 जून 2026 को मु0अ0स0 78/2026 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 221, 292, IT Act की धारा 66D तथा उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अध्यादेश 2024 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

होगी कड़ी कार्रवाई

पुलिस भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा से जुड़ी किसी भी तरह की अफवाह या फर्जी संदेश फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे ऐसे किसी भी भ्रामक संदेश या व्यक्ति से दूर रहें और अपनी तैयारी पर ध्यान केंद्रित करें।

परीक्षा नियंत्रक, उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड लखनऊ ने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और किसी भी प्रकार की धांधली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *