लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने आगामी सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के धार्मिक प्रतीकों का सम्मान किया जाएगा। महिला अभ्यर्थियों को मंगलसूत्र और अभ्यर्थियों को कलावा पहनकर परीक्षा देने की अनुमति होगी। जांच के दौरान इन्हें हटाने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा।
भर्ती परीक्षा में कहा गया ये
भर्ती बोर्ड के अनुसार परीक्षा की सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जाएगा। विशेष रूप से स्मार्ट चश्मों, इलेक्ट्रॉनिक पेन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की गहन जांच की जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की नकल की संभावना को रोका जा सके।
परीक्षा केंद्रों पर तैनात कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए भी सख्त नियम लागू किए गए हैं। ड्यूटी के दौरान उन्हें मोबाइल फोन केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी।
कब होगी परीक्षा
गौरतलब है कि 32,679 पदों पर भर्ती के लिए 8 से 10 जून के बीच परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस भर्ती प्रक्रिया में प्रदेशभर से 28 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में 1,183 केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं।
इस बार भर्ती बोर्ड का फोकस एक ओर अभ्यर्थियों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना है, वहीं दूसरी ओर हाईटेक नकल पर पूरी तरह अंकुश लगाना भी प्राथमिकता में शामिल है।