आगरा के कस्बा फतेहाबाद में ट्रेनिंग पूरी कर घर लौटे एक सिपाही के स्वागत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में सिपाही फूल-मालाओं से लदा हुआ खुली गाड़ी में सवार दिखाई दे रहा है, जबकि उसके पीछे कई वाहनों का लंबा काफिला चल रहा है। इस दौरान समर्थकों द्वारा नारेबाजी भी की जा रही है। मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
कौन है ये सिपाही
जानकारी के अनुसार, सिपाही अजय वर्मा फिरोजाबाद जिले के मिश्रियापुरा गांव का निवासी है। हाल ही में उसकी पुलिस ट्रेनिंग पूरी हुई थी और वह पहली बार अपने घर लौटा था। इसी खुशी में कस्बा फतेहाबाद के अवंतीबाई चौराहे पर उसका भव्य स्वागत किया गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि समर्थकों ने सिपाही को फूल-मालाओं से लाद दिया और खुली गाड़ी में बैठाकर जुलूस निकाला। यह काफिला अवंतीबाई चौराहे से फिरोजाबाद रोड तक निकला, जिससे कुछ देर के लिए सड़क पर भीड़ और वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती दिखाई दी।
उठ रहे सवाल
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे सम्मान और खुशी का प्रतीक बता रहे हैं, वहीं कई लोग इसे पुलिस विभाग की गरिमा और नियमों के खिलाफ मान रहे हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले डीजीपी स्तर से पुलिसकर्मियों को वर्दी में रील बनाने और सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करने को लेकर सख्त निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
अब इस वायरल वीडियो को लेकर स्थानीय पुलिस और विभागीय अधिकारियों की नजर बनी हुई है। देखना होगा कि मामले में कोई कार्रवाई की जाती है या नहीं।