वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर क्षेत्र में स्थित बिहारीजी पुलिस चौकी का एक वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। वायरल हो रहे इस वीडियो में चौकी पर तैनात एक दारोगा एक किशोर को पकड़कर जबरन चौकी की तरफ ले जाते नजर आ रहे हैं। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों में हलचल मच गई। बताया जा रहा है कि घटना का वीडियो बना रहे एक युवक के साथ भी पुलिसकर्मी ने अभद्रता की और उसके साथ हाथापाई कर दी।
ये था मामला
मामले में गौरानगर निवासी आशीष श्रीवास्तव सामने आए हैं। उनका कहना है कि रविवार दोपहर वह अपने काम से जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि पुलिसकर्मी एक लड़के को पकड़कर ले जा रहे हैं। जब उन्होंने इस घटना का वीडियो बनाना शुरू किया और विरोध जताया, तो उन्हें भी रोक लिया गया। आरोप है कि चौकी के अंदर उनके साथ मारपीट की गई और गाली-गलौज भी हुई।
आशीष ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उनकी जेब में रखे 17 हजार रुपये निकाल लिए। वहीं जिस किशोर को पकड़कर लाया गया था, उसे कुछ देर बाद छोड़ दिया गया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में मामला चर्चा में आ गया।
दारोगा का हुआ तबादला
थाना पुलिस का कहना है कि वीडियो सामने आने के बाद संबंधित उपनिरीक्षक को चौकी से हटा दिया गया है। पूरे घटनाक्रम की जानकारी उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। दूसरी ओर क्षेत्राधिकारी प्रीतम पाल सिंह ने बताया कि मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं के मोबाइल चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी आधार पर पुलिस कुछ बच्चों से पूछताछ कर रही थी। फिलहाल वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।