मुजफ्फरनगर: थाना नई मंडी में जनसुनवाई हॉल का उद्घाटन, पुलिस व्यवस्था होगी और मजबूत

Share This

मुजफ्फरनगर में थाना नई मंडी को आधुनिक और जनहितैषी बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। पुलिस प्रशासन ने यहां नवनिर्मित प्रभारी निरीक्षक कार्यालय और अत्याधुनिक जनसुनवाई हॉल की शुरुआत की है, जिससे आम जनता की शिकायतों का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। इस पहल को पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है। उद्घाटन के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी ने इस कार्यक्रम को और भी खास बना दिया।

कई अफसर रहें मौजूद

मुजफ्फरनगर में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं जनहितैषी बनाने के उद्देश्य से थाना नई मंडी परिसर में नवनिर्मित प्रभारी निरीक्षक कार्यालय और आधुनिक जनसुनवाई हॉल का उद्घाटन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा गुरुवार रात किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव, क्षेत्राधिकारी भोपा देवव्रत बाजपेई, प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्रा तथा निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा सहित कई अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने एसएसपी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

उद्घाटन के बाद एसएसपी ने नवनिर्मित कार्यालय और जनसुनवाई हॉल का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी, प्रभावी और जवाबदेह बनाया जाए, ताकि हर शिकायत का समय पर समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर निष्पक्ष कार्रवाई करना है।

एसएसपी ने कहा ये

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कहा कि यह नया जनसुनवाई हॉल पुलिस और जनता के बीच संवाद को मजबूत करेगा और फरियादियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराएगा। इससे लोगों का पुलिस पर विश्वास और अधिक बढ़ेगा तथा शिकायत निस्तारण की प्रक्रिया और भी तेज और प्रभावी होगी। इस पहल से थाना नई मंडी की कार्यप्रणाली में न केवल आधुनिकता आएगी, बल्कि जनता और पुलिस के बीच विश्वास का रिश्ता भी और मजबूत होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *