सहारनपुर के मानकमऊ इलाके में सोमवार को एक अनोखा नजारा देखने को मिला। इलाके में भीषण ट्रैफिक जाम था और यातायात पूरी तरह प्रभावित था। इसी बीच कांग्रेस सांसद इमरान मसूद खुद सड़क पर उतर गए और ट्रैफिक संभालने में जुट गए।
लंबे समय से बनी हुई है समस्या
जानकारी के अनुसार, लंबे समय से जाम की समस्या बनी हुई थी और सांसद का काफिला भी उसी जाम में फंस गया। सांसद ने इंतजार करने की बजाय खुद पहल करने का फैसला किया। उन्होंने अपनी कार से बाहर निकलकर सड़क पर खड़े होकर वाहनों को व्यवस्थित करना शुरू किया। धीरे-धीरे जाम खुलने लगा और आम लोग राहत महसूस करने लगे।
वायरल हुआ वीडियो
मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सांसद इमरान मसूद आम नागरिकों की तरह सड़क पर उतरकर ट्रैफिक नियंत्रित कर रहे हैं और राहगीरों को सुरक्षित मार्ग दिखा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने सांसद के इस कदम की सराहना की। लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधि का सीधे मौके पर उतरकर समस्या का समाधान करना एक सकारात्मक संदेश देता है और नेताओं को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करता है।