जनपद एटा के थाना एका क्षेत्र में सोमवार रात को एक गंभीर सड़क हादसे के बाद हालात काफी तनावपूर्ण हो गए। कर्मचंदपुर के पास बाइक सवार 23 वर्षीय बबलू, जो दूध का व्यापारी था, अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद राहगीर और मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए।
ये है मामला
लोगों का गुस्सा उस समय चरम पर पहुंच गया जब एंबुलेंस मौके पर देर से आई। जानकारी के अनुसार, भीड़ और तनावपूर्ण माहौल के कारण एंबुलेंस कर्मी घटना स्थल से पीछे हट गए। इस दौरान पुलिस से तीखी नोंक-झोंक होती रही और लोगों ने शहर कोतवाली इंस्पेक्टर प्रेमपाल सिंह व अन्य पुलिस कर्मियों से हाथापाई की। इस बीच लोगों ने पुलिस की गाड़ियों पर पथराव शुरू कर दिया। पुलिस को स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त फोर्स बुलानी पड़ी।
मौके पर मौजूद सैकड़ों लोग और बरातियों की भीड़ ने हालात और बिगाड़ दिए। पुलिस कर्मियों को रास्ता साफ करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पथराव और विरोध के कारण सड़क पर जाम भी लग गया, जिसे बाद में नियंत्रित किया गया।
बड़ी मुश्किल से हालत आए काबू में
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि भीड़ और आक्रोश के कारण पथराव हुआ और प्राथमिकता से घायल को मेडिकल कालेज ले जाने में विलंब हुआ। बाद में पीएसी बुलाकर स्थिति को काबू में किया गया और शव का पोस्टमार्टम कराया गया।सदर विधायक विपिन वर्मा ने भी मौके पर आकर लोगों को समझाया। पुलिस अब उस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है जिसने बबलू को टक्कर मारी।