बरेली। जिले में अनुशासन और महिला सम्मान को लेकर एसएसपी अनुराग आर्य ने सख्त रुख अपनाते हुए एक बड़ा संदेश दिया है। प्रेमनगर थाने में तैनात इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह यादव को एक सिपाही की गर्भवती पत्नी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करना भारी पड़ गया। मामला सामने आते ही एसएसपी ने बिना देरी किए तत्काल प्रभाव से इंस्पेक्टर को पद से हटा दिया।
कब का है मामला
बताया जा रहा है कि यह घटना 16 अप्रैल की रात की है, जब ड्यूटी के दौरान किसी कार्य को लेकर इंस्पेक्टर और सिपाही के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान इंस्पेक्टर ने मर्यादा लांघते हुए सिपाही की गर्भवती पत्नी को लेकर अभद्र टिप्पणी कर दी, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना के समय अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे।
घटना से आहत सिपाही ने पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई, जो सीधे एसएसपी अनुराग आर्य तक पहुंची। शिकायत मिलते ही उन्होंने मामले को गंभीरता से लिया और तुरंत कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर से चार्ज छीन लिया। साथ ही उनका तबादला कर उन्हें भमोरा थाने में इंस्पेक्टर क्राइम के पद पर भेज दिया गया।
एसएसपी ने की त्वरित कार्रवाई
एसएसपी की इस त्वरित कार्रवाई को पुलिस महकमे में अनुशासन और जवाबदेही के उदाहरण के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, प्रेमनगर थाने की जिम्मेदारी अब एएसपी अंजना दहिया को सौंपी गई है। इस फैसले को महिला सम्मान और सशक्तीकरण की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस तरह की सख्ती से विभाग में अनुशासन कायम रहेगा और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति पर रोक लगेगी।