बिजनौर में सोशल मीडिया पर हथियार प्रदर्शन केस: एक और आरोपी गिरफ्तार, विदेश में छिपे 3 पर लुकआउट नोटिस

Share This

 

बिजनौर जिले के थाना नांगल क्षेत्र में सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन से जुड़े वायरल वीडियो प्रकरण में पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी समीर उर्फ रूहान को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि तीन अन्य आरोपी अभी विदेश में फरार बताए जा रहे हैं, जिनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है।

इस मामले में हुआ अरेस्ट

पुलिस के अनुसार यह मामला उस वायरल वीडियो से जुड़ा है, जिसमें कुछ युवक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर हथियारों का प्रदर्शन करते हुए नजर आए थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए थाना नांगल में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी संगठित तरीके से सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे से जुड़े हुए थे और युवाओं को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे थे। इसी कड़ी में पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। अब इसी प्रकरण में फरार चल रहे समीर उर्फ रूहान को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

पूछताछ में आरोपी ने कई अहम जानकारियां दी हैं। उसने बताया कि वह अन्य आरोपियों के संपर्क में था और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए जुड़कर गतिविधियों में शामिल हुआ था। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि कुछ आरोपी विदेश में बैठकर इस नेटवर्क को संचालित कर रहे थे, जिनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है ताकि भारत लौटते ही उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

इस पूरे मामले को लेकर उत्तर प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश ने भी बयान जारी कर कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से हथियारों का प्रदर्शन और युवाओं को उकसाने जैसी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

जारी है जांच

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले समय में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जा सकती है। साथ ही सोशल मीडिया पर इस तरह की आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए निगरानी और तेज कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *