सोनभद्र। जिले को नशामुक्त बनाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत सोनभद्र पुलिस ने लगभग 30.85 करोड़ रुपये मूल्य के अवैध मादक पदार्थों का सुरक्षित विनष्टीकरण कराया। यह कार्रवाई जिले के विभिन्न थानों में दर्ज 747 अभियोगों से संबंधित थी, जिससे साफ संकेत मिला कि एसपी स्तर पर नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है।
कमेटी की मौजूदगी में हुआ काम
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी (DDC) ने इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी की। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि न्यायालय के आदेशों और सर्वोच्च न्यायालय की गाइडलाइन के अनुरूप मादक पदार्थों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ किया जाए। इसी क्रम में अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, डाला इकाई में सभी जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया गया।
कार्रवाई के दौरान एसपी वर्मा खुद पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाए रहे। उनके निर्देशन में टीम ने 3900 किलो से अधिक गांजा, हेरोइन, स्मैक, अफीम, डोडा और अन्य मादक पदार्थों को नष्ट किया। यह कदम न सिर्फ कानून व्यवस्था को मजबूत करने वाला है, बल्कि युवाओं को नशे से दूर रखने की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
एसपी ने कहा ये
एसपी अभिषेक वर्मा ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस टीम को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई जारी रखी जाए और तस्करों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं।
सोनभद्र पुलिस की यह कार्रवाई यह दर्शाती है कि जिले में कानून का राज स्थापित करने और नशे के नेटवर्क को खत्म करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है।