अलीगढ़ से एक बेहद दुखद सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसमें उत्तर प्रदेश पुलिस के 55 वर्षीय दरोगा वृषपाल सिंह की जान चली गई। वे हाल ही में अतरौली से लोधा थाने ट्रांसफर होकर जा रहे थे और अपना सामान लेकर बाइक से नए थाने की ओर निकल पड़े थे।
ऐसे हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि उनकी बाइक पर घरेलू सामान के साथ एक चारपाई भी बंधी हुई थी, जिससे वे धीमी गति से सफर कर रहे थे। जब वे सासनी गेट क्षेत्र के पास पहुंचे, तभी नगर निगम के तेज रफ्तार ट्रैक्टर से उनकी बाइक की चारपाई टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वे सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दरोगा को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मैनपुरी के निवासी थे दारोगा
वृषपाल सिंह मूल रूप से मैनपुरी जिले के भवानीगढ़ गांव के रहने वाले थे। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और परिजन तत्काल अलीगढ़ पहुंच गए। इस हादसे ने पुलिस विभाग के साथ-साथ पूरे इलाके को भी स्तब्ध कर दिया है।