उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने कम्प्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए/प्रोग्रामर ग्रेड-2 भर्ती-2023 को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए अभ्यर्थियों को सतर्क रहने की अपील की है। बोर्ड के अनुसार इस भर्ती के तहत विज्ञापित 930 पदों का अंतिम चयन परिणाम 7 फरवरी 2026 को घोषित किया जा चुका है और इस विज्ञप्ति से संबंधित कोई भी रिक्ति अब चयन हेतु उपलब्ध नहीं है।
दी गई ये जानकारी
बोर्ड ने बताया कि कुछ अनधिकृत माध्यमों से अतिरिक्त रिक्तियों को लेकर भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं, जिनमें कोई सत्यता नहीं है। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक उक्त भर्ती से अलग 199 रिक्तियां चयन के लिए बोर्ड को उपलब्ध कराई गई हैं। इन रिक्तियों को अन्य प्राप्त 1153 पदों के साथ जोड़ते हुए कुल 1352 पदों के लिए नई विज्ञप्ति जारी की जा चुकी है।
यह नई भर्ती विज्ञप्ति संख्या पीआरपीबी-बी. (कम्प्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए)-21/2025 दिनांक 16 दिसंबर 2025 को प्रकाशित की गई थी। बोर्ड के अनुसार इस भर्ती के लिए अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र भी प्राप्त कर लिए गए हैं और अब इसकी लिखित परीक्षा अक्टूबर/नवंबर 2026 में प्रस्तावित है।
भर्ती बोर्ड ने कहा ये
बोर्ड ने स्पष्ट रूप से कहा है कि अभ्यर्थी किसी भी अनधिकृत व्यक्ति या सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें और न ही उसे आगे प्रसारित करें। ऐसा करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि भर्ती से संबंधित अद्यतन और प्रमाणिक जानकारी केवल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही प्राप्त करें। साथ ही किसी भी अफवाह से बचते हुए आधिकारिक घोषणाओं का इंतजार करें।