वृंदावन में जाम खुलवाने पहुंचे सिपाही पर हमला, वर्दी फाड़ी; दो श्रद्धालु गिरफ्तार

Share This

वृंदावन में जाम के दौरान एक सिपाही पर हमला होने का मामला सामने आया है, जिसने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना आंबेडकर पार्क चौराहे की है, जहां ट्रैफिक जाम खुलवाने पहुंचे पुलिसकर्मी पर श्रद्धालुओं ने हमला कर दिया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

ये था मामला

जानकारी के मुताबिक, आंबेडकर पार्क चौराहा पर लंबे समय से जाम की स्थिति बनी हुई है। इसी बीच मथुरा दरवाजा पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही पवन कुमार मौके पर ट्रैफिक नियंत्रित करने पहुंचे थे। उन्होंने एक कार सवार श्रद्धालु को गलत दिशा में जाने से रोका, जिससे विवाद शुरू हो गया।

बताया जा रहा है कि कार में सवार गुरुग्राम निवासी श्रद्धालु देवेंद्र और सोनी ने अपने साथ मौजूद अन्य लोगों के साथ मिलकर सिपाही के साथ अभद्रता की। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने सिपाही के साथ मारपीट शुरू कर दी और गाली-गलौज करते हुए उनकी वर्दी तक फाड़ दी।

घटना के दौरान सड़क पर हंगामा खड़ा हो गया, जिससे चारों तरफ लंबा जाम लग गया। करीब आधे घंटे तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

लगातार बनी रहती है जाम की हालत

गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से वृंदावन में जाम की समस्या लगातार बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती न होने के कारण ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *