उत्तर प्रदेश पुलिस में उप निरीक्षक नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों पर भर्ती के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण सूचना सामने आई है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और किसी भी अवांछनीय गतिविधि जैसे पेपर लीक, नकल या अन्य अनुचित मामलों की सूचना प्राप्त करने के लिए आधिकारिक ईमेल और व्हाट्सएप नंबर जारी किया है। बोर्ड का यह कदम परीक्षा में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
उम्मीदवारों से की अपील
परीक्षा नियंत्रक ने उम्मीदवारों से अपील की है कि वे निर्भीक होकर किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना दें। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इससे छात्रों और नागरिकों को डर या किसी प्रकार के प्रतिकूल प्रभाव की चिंता किए बिना रिपोर्ट करने की सुविधा मिलेगी।
सूचना देने के लिए उम्मीदवार और अन्य नागरिक बोर्ड को ईमेल के माध्यम से लिख सकते हैं:[satarkta.policeboard@gmail.com इसके अलावा व्हाट्सएप संदेश भेजकर भी अवांछनीय गतिविधियों की जानकारी साझा की जा सकती है। व्हाट्सएप नंबर 9454457951 है। बोर्ड ने यह व्यवस्था विशेष रूप से परीक्षा में किसी भी प्रकार के धोखाधड़ी और अनुचित गतिविधियों को रोकने के लिए बनाई है।
संदिग्ध गतिविधि पर रखें नजर
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि परीक्षा की तैयारियों के साथ-साथ किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखें और तुरंत बोर्ड को सूचित करें। यह पहल न केवल परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करेगी बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती प्रक्रिया में छात्रों का विश्वास भी बढ़ाएगी।
परीक्षा नियंत्रक ने स्पष्ट किया कि सभी शिकायतों और सूचनाओं का गंभीरता से पालन किया जाएगा और समय पर कार्रवाई की जाएगी। उम्मीदवार इस सुविधा का लाभ उठाकर भर्ती परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने में योगदान दे सकते हैं।