यूपी पुलिस के इंस्पेक्टर की बेटी ने UPSC में पाई 14वीं रैंक, अमरोहा का नाम किया रोशन

Share This

 

अमरोहा जिले के नौगावां सादात क्षेत्र के एक छोटे से गांव की बेटी ने सिविल सेवा परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन कर दिया है। उत्तर प्रदेश पुलिस में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात राकेश कुमार यादव की बेटी सुरभि यादव ने यूपीएससी परीक्षा में देशभर में 14वीं रैंक प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है और गांव में जश्न मनाया जा रहा है।

ये है मामला 

नौगावां सादात क्षेत्र के गांव नसीर नगला निवासी राकेश कुमार यादव उत्तर प्रदेश पुलिस में इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में ईओडब्ल्यू वाराणसी में तैनात हैं। उन्होंने अपने कॅरिअर की शुरुआत यूपी पुलिस में कांस्टेबल के रूप में की थी। वर्ष 2007 में दरोगा बने और 2021 में पदोन्नत होकर इंस्पेक्टर बने। उनकी बेटी सुरभि यादव ने सिविल सेवा परीक्षा में 14वीं रैंक हासिल कर पिता के संघर्ष और परिवार के सपनों को साकार कर दिया।

सुरभि की शुरुआती पढ़ाई बरेली से हुई। उन्होंने दसवीं की परीक्षा एसआर इंटरनेशनल स्कूल से तथा 12वीं की परीक्षा आर्मी पब्लिक स्कूल, बरेली से पास की। इंटरमीडिएट में 96 प्रतिशत अंक लाकर उन्होंने मंडल में पहला स्थान प्राप्त किया था। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के लेडी श्रीराम कॉलेज से बीए ऑनर्स किया और जामिया मिलिया इस्लामिया, दिल्ली से इतिहास विषय में एमए की डिग्री हासिल की।

आसान नहीं था सफ़र

सुरभि का सपना शुरू से ही यूपीएससी के माध्यम से देश सेवा करना था। हालांकि उनका सफर आसान नहीं रहा। सिविल सेवा परीक्षा 2023 के फाइनल में वह मात्र 10 अंकों से चयन से चूक गई थीं। बाद में उन्हें युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत माय भारत योजना में एडिशनल डायरेक्टर/डीवाईओ के पद पर नियुक्ति मिली और वह जनवरी से इस पद पर कार्यरत हैं।

लगातार प्रयास और कड़ी मेहनत के बाद सुरभि ने यूपीएससी परीक्षा में 14वीं रैंक हासिल कर अपने लक्ष्य को प्राप्त कर लिया। उनकी सफलता से परिवार, गांव और जिले में खुशी का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *