मऊ जिले में होली के दिन एक पुलिसकर्मी के नशे में उत्पात मचाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सिपाही ने शराब के नशे में सड़क पर हंगामा किया और पुलिस अधिकारियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया। घटना की जानकारी मिलते ही विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया।
ये था मामला
बताया जा रहा है कि सिपाही अविनाश की ड्यूटी क्षेत्राधिकारी कार्यालय की लाइन पेशी में थी। होली के दिन वह मुंशीपुरा ओवरब्रिज के पास नशे की हालत में गाड़ी लेकर पहुंचा। वहां उसने बीच सड़क पर वाहन रोक दिया और आने-जाने वाले लोगों से उलझने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सिपाही का व्यवहार काफी आक्रामक था, जिससे आसपास मौजूद लोग असहज हो गए।
मामले की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान सिपाही ने मऊ कोतवाल अनिल सिंह के साथ भी अनुचित व्यवहार किया और काफी देर तक हंगामा करता रहा। हालात बिगड़ते देख पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़कर थाने ले जाया गया।
एसएसपी ने की कार्रवाई
घटना की रिपोर्ट मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने सिपाही अविनाश को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया और पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी।
इस घटना के बाद पुलिस विभाग की छवि पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि अनुशासनहीनता को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।