प्रयागराज में एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यमुनापार क्षेत्र के बारा थाना प्रभारी विनोद कुमार सोनकर को 75 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। उन पर एक मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगाने के एवज में घूस मांगने का आरोप है।
ये है मामला
बताया गया है कि भदोही जिले के लुकमनपुर सुरियावां निवासी संतोष कुमार दुबे ने एंटी करप्शन विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि थाना प्रभारी केस में अंतिम रिपोर्ट लगाने के बदले 75 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। आरोपों की पुष्टि के लिए टीम ने जांच की और फिर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की तैयारी की।
बुधवार दोपहर करीब पौने तीन बजे निरीक्षक मृत्युंजय कुमार मिश्र के नेतृत्व में 15 सदस्यीय एंटी करप्शन टीम ने थाने में जाल बिछाया। इसी दौरान थाना प्रभारी को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
दर्ज किया गया केस
मूल रूप से सारनाथ निवासी विनोद कुमार सोनकर के खिलाफ घूरपुर थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एंटी करप्शन टीम मामले की आगे की जांच कर रही है और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।