उत्तर प्रदेश में एक बार फिर योगी आदित्यनाथ सरकार ने बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया है। राज्य सरकार ने 24 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है, जिसमें डीजी, एडीजी, आईजी, डीआईजी स्तर के अधिकारी शामिल हैं। इसके साथ ही प्रदेश के 11 जिलों में एसपी और एसएसपी भी बदले गए हैं।
इन जिलों के कप्तान बदले
इस फेरबदल में जौनपुर, सहारनपुर, गोरखपुर और मेरठ के एसएसपी बदले गए हैं, जबकि अमेठी, पीलीभीत, रायबरेली, मिर्जापुर, बस्ती और लखीमपुर खीरी के एसपी को नई जिम्मेदारी दी गई है। संभल की अपर पुलिस अधीक्षक अनुकृति शर्मा को गौतमबुद्ध नगर (नोएडा कमिश्नरेट) का अपर पुलिस उपायुक्त बनाया गया है।
1994 बैच के आईपीएस सुजीत पांडेय को पुलिस महानिदेशक एवं अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ से हटाकर डीजी फायर सर्विसेज नियुक्त किया गया है। वहीं 2001 बैच के आईपीएस प्रवीण कुमार को एडीजी लखनऊ जोन की कमान सौंपी गई है। सोमेन वर्मा को मिर्जापुर एसपी पद से हटाकर डीआईजी अयोध्या रेंज बनाया गया है।
आईपीएस के. एस. इमानुएल को पुलिस महानिरीक्षक ईओडब्ल्यू से डीजीपी का जीएसओ बनाया गया है, जबकि विनोद कुमार सिंह को आईजी डॉ. अंबेडकर पुलिस अकादमी मुरादाबाद भेजा गया है। आलोक प्रियदर्शी को अपर पुलिस आयुक्त वाराणसी कमिश्नरेट और राजकरण नैय्यर को अपर पुलिस आयुक्त गाजियाबाद कमिश्नरेट की जिम्मेदारी दी गई है।
ये भी लिस्ट में शामिल
कानपुर कमिश्नरेट में संकल्प शर्मा और विपिन टाडा को संयुक्त पुलिस आयुक्त बनाया गया है। अभिषेक यादव डीआईजी एटीएस लखनऊ बने हैं। आशीष तिवारी को वरिष्ठ पुलिस महानिरीक्षक सहारनपुर से डीआईजी टेक्निकल सर्विसेज लखनऊ भेजा गया है, जबकि प्रताप गोपेंद्र यादव को डीआईजी यूपी पुलिस मुख्यालय लखनऊ नियुक्त किया गया है।
जिलों की बात करें तो कुंवर अनुपम सिंह को एसपी जौनपुर, डॉक्टर ख्याति गर्ग को एसपी लखीमपुर खीरी, यशवीर सिंह को एसपी बस्ती और चारू निगम को एसपी सुल्तानपुर बनाया गया है। अभिनंदन को एसएसपी सहारनपुर, डॉक्टर कौस्तुभ को एसएसपी गोरखपुर और अविनाश पांडे को एसएसपी मेरठ की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा अपर्णा रजत कौशिक को एसपी मिर्जापुर, रवि कुमार को एसपी रायबरेली, सुकीर्ति माधव को एसपी पीलीभीत और आईपीएस सर्वानन टी को एसपी अमेठी बनाया गया है। अनुकृति शर्मा को अपर पुलिस उपायुक्त नोएडा कमिश्नरेट नियुक्त किया गया है।