ब्रजघाट में रविवार को गंगा स्नान के लिए आए शराब के नशे में धुत युवकों ने जमकर हंगामा किया। नाव पर चढ़ने से रोकने पर युवकों ने एक नाविक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। बीच-बचाव के लिए पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ भी युवकों ने अभद्रता और हाथापाई की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार युवकों को हिरासत में ले लिया है।
ये है मामला
जानकारी के अनुसार, ब्रजघाट निवासी नाविक गोपाल अपने बेटे के साथ गंगा तट पर नाव चलाने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान बाहरी जनपदों से आए कुछ युवक शराब के नशे में धुत होकर उनकी नाव पर चढ़ने लगे और गंगा में छलांग लगाने का प्रयास करने लगे। हादसे की आशंका को देखते हुए नाविक ने उन्हें ऐसा करने से रोका, जिससे युवक आक्रोशित हो गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि युवक नाव की छत पर चढ़ गए और वहां नाविक पर हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही ब्रजघाट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और नाविक को बचाने का प्रयास किया। इस दौरान हंगामा कर रहे युवक और उनके साथ मौजूद महिलाओं ने पुलिसकर्मियों से भी अभद्रता की और हाथापाई की।
हंगामे के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने वीडियो बनाकर घटना को रिकॉर्ड किया, लेकिन आरोपियों ने कुछ लोगों के मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिए। बाद में घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिससे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
दोषियों के खिलाफ होगी कार्रवाई
पुलिस ने घायल नाविक को मेडिकल परीक्षण के लिए सरकारी अस्पताल भेजा है। वहीं, चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।