महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निजी विमान बुधवार सुबह बारामती (पुणे) के पास लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें वे और विमान में सवार सभी लोगों की मृत्यु हो गई। यह दर्दनाक घटना तब हुई जब विमान आपात स्थिति में बारामती हवाई पट्टी पर उतरने की कोशिश कर रहा था और रनवे के निकट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसी हादसे में अजित पवार की सुरक्षा में तैनात मुंबई पुलिस के जवान की भी मौत हुई है, जिसकी पुष्टी अफसरों ने की है।
ऐसे हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विमान मुंबई से सुबह की उड़ान भरकर बारामती की ओर जा रही थी, जहां अजित पवार को ज़िला परिषद के चुनाव प्रचार कार्यक्रमों में शामिल होना था। विमान लैंडिंग के प्रयास के दौरान रनवे के पास असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया और तुरंत बाद उसमें आग लग गई। विमान में उपमुख्यमंत्री के अलावा एक पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर विदीप जाधव, एक असिस्टेंट और दो क्रू मेंबर सवार थे। सभी पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना से जुड़े स्थानीय लोगों ने बताया कि विमान हादसे के समय आसमान में धुआँ और आग की लपटें उठती देखी गयीं, जिससे आसपास के लोग भयभीत हो गए। दुर्घटना स्थल पर पुलिस और आपात सेवाओं की टीमें शवों की पहचान और आगे की जांच में जुटी हैं।
विदीप जाधव के बारे में जानें
आपको बता दें कि विदीप जाधव मुंबई से सटे कलवा इलाके के विटावा नागरी के रहने वाले थे। विदीप जाधव मुंबई पुलिस के 2009 बैच के कर्मचारी थे और उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निजी सुरक्षाकर्मी के तौर पर PSO ड्यूटी कर रहे थे।
विदीप जाधव अपने इलाके में एक मिलनसार और सरल स्वभाव के इंसान के तौर पर जाने जाते थे। दुखद हादसे से पूरे विटावा नागरी इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और और पड़ोसियों ने दुख जताया है।