बरेली पुलिस की महिला हेड कांस्टेबल वंदना कुमारी (मोबाइल नं. 744, पीएनआई-11202617) जो वर्तमान में यूपी-112 पर तैनात हैं, ने अपनी असाधारण खेल प्रतिभा से न केवल व्यक्तिगत उपलब्धियां हासिल कीं, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग का गौरव बढ़ाया। उन्होंने राष्ट्रीय तथा अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिता में आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) एवं एक रजत पदक (सिल्वर मेडल) अपने नाम किया।
राष्ट्रीय स्तर पर दोहरी स्वर्णिम सफलता
जानकारी के मुताबिक, 47वीं नेशनल आर्म रेसलिंग चैम्पियनशिप 2025 जो 29 से 31 अगस्त 2025 तक गुरुनानक देव भवन, लुधियाना (पंजाब) में आयोजित की गई, में वंदना कुमारी ने महिला 70 किलोग्राम वर्ग में भाग लिया।
अपनी कड़ी मेहनत के बल पर उन्होंने लेफ्ट हैंड तथा राइट हैंड दोनों श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त कर दो-दो स्वर्ण पदक जीते। उनकी यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत श्रेणी की दराज करती है, बल्कि महिला सशक्तिकरण का एक प्रेरणादायक उदाहरण भी प्रस्तुत करती है।
74वीं अखिल भारतीय पुलिस रेसलिंग क्लस्टर-2025 जो 20 से 24 सितंबर 2025 तक मधुबन, करनाल (हरियाणा) में आयोजित हुई, में वंदना कुमारी ने उत्तर प्रदेश पुलिस का प्रतिनिधित्व किया। महिला 70 किलोग्राम वर्ग में कड़े मुकाबले के बीच उन्होंने रजत पदक पर कब्जा जमाया। यह सफलता पुलिस बल की खेल प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करती है।
एसएसपी ने किया सम्मानित
ऐसे में एसएसपी अनुराग आर्य ने महिला हेड कांस्टेबल वंदना कुमारी को उनके स्वर्ण एवं रजत पदक हेतु सम्मानित किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने उनकी सफलता पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा अन्य पुलिसकर्मियों को भी खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। एसएसपी ने कहा, वंदना कुमारी की यह उपलब्धि बरेली पुलिस परिवार के लिए गर्व का विषय है। वे न केवल ड्यूटी में निपुण हैं, बल्कि खेल के क्षेत्र में भी विभाग का नाम ऊंचा कर रही हैं।