अलीगढ़ पुलिस विभाग में कार्यरत महिला आरक्षी मोनिका शर्मा को उनके उत्कृष्ट कार्य, समर्पण और अनुकरणीय सेवा के लिए आउट ऑफ टर्न प्रमोशन दिया गया है। उन्हें आरक्षी से मुख्य आरक्षी के पद पर प्रोन्नत किया गया है। यह पदोन्नति न केवल मोनिका के लिए गौरव का विषय है, बल्कि विभाग की अन्य महिला पुलिसकर्मियों के लिए भी एक प्रेरणास्त्रोत है।
एसएसपी ने किया सम्मानित
जानकारी के मुताबिक ,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने मोनिका शर्मा को औपचारिक रूप से मुख्य आरक्षी (हेड कांस्टेबल) के पद पर प्रमोशन का रैंक चिह्न लगाकर उन्हें बधाई दी। एसएसपी ने मोनिका के समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एसएसपी कार्यालय में आयोजित इस छोटे से सम्मान समारोह के दौरान अन्य पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने मोनिका की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विभाग के लिए गर्व की बात है। मोनिका शर्मा की यह पदोन्नति न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह दिखाती है कि मेहनत, ईमानदारी और लगन से कार्य करने पर सफलता निश्चित है।
किया आभार व्यक्त
मोनिका ने इस अवसर पर अपने वरिष्ठ अधिकारियों का आभार प्रकट किया और कहा कि वह भविष्य में और अधिक निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करेंगी।