Fatehpur: 1 लाख का इनामी बदमाश बबलू सिंह एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार

Share This

फतेहपुर के चर्चित गैंगरेप मामले में फरार चल रहे 1 लाख रुपये के इनामी आरोपी बबलू सिंह को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पिछले 13 दिनों से फरार आरोपी लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था, जिसके चलते उसकी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया गया था।

देर रात हुई मुठभेड़

पुलिस के मुताबिक देर रात आरोपी की लोकेशन मिलने के बाद खागा, हथगाम, थरियाव थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दोनों पैरों में लगी, जिसके बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मालूम हो कि 24 अप्रैल को एक युवती अपने मंगेतर के साथ घूमने गई थी। आरोप है कि उसी दौरान बबलू सिंह और उसके दो साथियों ने गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन मुख्य आरोपी फरार हो गया था।

लगातार उठ रहे थे सवाल

इस मामले को लेकर लगातार पुलिस पर सवाल उठ रहे थे। पीड़िता के मंगेतर ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर आरोपी की गिरफ्तारी में देरी को लेकर नाराजगी जताई थी। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *