उत्तर प्रदेश पुलिस के मुखिया, डीजीपी राजीव कृष्ण ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर न केवल अपने सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए एक प्रेरणात्मक संदेश दिया, बल्कि खुद योगाभ्यास करते हुए पुलिसकर्मियों के साथ जुड़कर एक अनुकरणीय उदाहरण भी पेश किया।
उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा— “योगः कर्मसु कौशलम्” यानी “कर्मों में कुशलता ही योग है”। हर दिन जिम्मेदारी और सतर्कता की ड्यूटी निभाने वाले हम पुलिसकर्मी, आज कुछ पल मन और तन की साधना में लगे।
पुलिस मुख्यालय में आज 11वें ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ के अवसर पर साथियों के संग योगाभ्यास कर मानसिक स्थिरता, शारीरिक संतुलन और आंतरिक ऊर्जा का अनुभव किया।

कई अफसर भी रहे मौजूद
लखनऊ स्थित यूपी पुलिस मुख्यालय में आयोजित इस योग सत्र में डीजीपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों और कई पुलिसकर्मियों ने हिस्सा लिया। तस्वीरों में डीजीपी राजीव कृष्ण शांत मुद्रा में योग करते नज़र आ रहे हैं, और उनके पीछे खड़े पुलिसकर्मी अनुशासित ढंग से आसनों का अभ्यास कर रहे हैं।

इसलिए किया गया था आयोजन
इस आयोजन का मूल उद्देश्य सिर्फ योगाभ्यास नहीं, बल्कि तनाव भरी पुलिस सेवा में मानसिक शांति, शारीरिक संतुलन और सकारात्मक ऊर्जा का प्रसार भी था। डीजीपी का यह कदम न सिर्फ पुलिस बल के लिए प्रेरणास्रोत है, बल्कि पूरे प्रदेश में यह संदेश भी देता है कि योग केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य नहीं, बल्कि सामूहिक अनुशासन और संतुलन की भी कुंजी है।
