लखनऊ। कर्तव्यपथ पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले उत्तर प्रदेश पुलिस के वीर शहीदों को नमन करते हुए पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने रविवार को लखनऊ में शहीदों के परिजनों और ड्यूटी के दौरान दिव्यांग हुए पुलिसकर्मियों को आर्थिक सहायता राशि प्रदान की। इस अवसर पर कुल 12 शहीद पुलिसकर्मियों के आश्रित परिवारों और 2 दिव्यांग पुलिसकर्मियों को लगभग ₹19.90 करोड़ की धनराशि बैंक ऑफ बड़ौदा पुलिस सैलरी पैकेज स्कीम के अंतर्गत प्रदान की गई।
“वर्दी का रिश्ता ड्यूटी से कहीं आगे”
डीजीपी राजीव कृष्ण ने इस अवसर पर कहा कि,
“यह सहयोग केवल आर्थिक मदद नहीं बल्कि हमारे उस अटूट संकल्प का प्रतीक है कि उत्तर प्रदेश पुलिस अपने हर साथी के परिवार के साथ हर परिस्थिति में खड़ी है। वर्दी का यह रिश्ता ड्यूटी से कहीं आगे बढ़कर जीवनभर का बंधन है।”
उन्होंने कहा कि हर शहीद का बलिदान, त्याग और साहस हम सभी के लिए प्रेरणा का दीपस्तंभ है। हर बलिदानी परिवार सुरक्षित, सम्मानित और समर्थ रहेगा, इस दिशा में यूपी पुलिस पूरी तरह संकल्पित है।
जिन शहीदों के परिवारों को सहायता मिली
बैंक ऑफ बड़ौदा पुलिस सैलरी पैकेज स्कीम के अंतर्गत आर्थिक सहायता प्राप्त करने वालों में शामिल हैं:
- उप निरीक्षक (स्व.) विनोद कुमार सिंह
- उप निरीक्षक (स्व.) प्रदीप कुमार
- उप निरीक्षक (स्व.) नीरज कुमार
- उप निरीक्षक (स्व.) शेषनाथ सिंह यादव
- उप निरीक्षक (स्व.) रवि कुमार दीक्षित
- महिला उप निरीक्षक (स्व.) नेहा शुक्ला
- मुख्य आरक्षी (स्व.) भोजराज शर्मा
- मुख्य आरक्षी (स्व.) अनिल कुमार
- आरक्षी (स्व.) शाहरूख हसन
- आरक्षी (स्व.) अभय कुमार
- महिला आरक्षी (स्व.) रूचि रानी
- फायरमैन (स्व.) गयूर
- आरक्षी (विकलांग) मयंक कुमार
- आरक्षी (विकलांग) पुष्पेन्द्र कुमार
कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था अमिताभ यश, पुलिस भवन कल्याण के पुलिस महानिरीक्षक आर.के. भारद्वाज और बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक शैलेन्द्र कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।