रामपुर। अजीमनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात गश्त पर निकले दो पुलिसकर्मियों को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसा स्वार रोड पर खेमपुर करनपुर के पास पेट्रोल पंप के नजदीक हुआ। मुरसैना चौकी पर तैनात सिपाही पुनीत चौधरी और नितिन कुमार रात में बाइक से इलाके में गश्त पर जा रहे थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सिपाही बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही अजीमनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत दोनों घायल सिपाहियों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने बताया कि अंधेरे का फायदा उठाकर टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
सीसीटीवी से हो रही वाहन की तलाश
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्वार रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार वाहन का पता लगाया जा सके। आसपास के पेट्रोल पंप और दुकानों के कैमरे भी चेक किए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन चालक को पकड़ लिया जाएगा। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद पुलिसकर्मियों में आक्रोश है। साथ ही रात में गश्त के दौरान सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।