बुलंदशहर। खुर्जा रोड पर दिल्ली रूट के डायवर्जन से बढ़े यातायात के दबाव के कारण सड़क पर कई गड्ढे हो गए थे, जो राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बन रहे थे। तेज धूप और गर्मी के बीच बुलंदशहर के तीन ट्रैफिक पुलिसकर्मी सिर पर मिट्टी की तसला रखकर इन गड्ढों को भरने में जुट गए। उनका यह प्रयास न केवल दुर्घटनाओं को रोकने में सफल रहा, बल्कि सड़क को गड्ढामुक्त और सुरक्षित बनाने में भी कारगर साबित हुआ।
लोगों को मिली राहत
पुलिसकर्मियों की इस मानवीय पहल से इलाके के लोगों को राहत मिली है। खुर्जा रोड अब सुरक्षित होने से यातायात सुगम हुआ है और वाहन चालकों को भी राहत मिली है। पुलिसकर्मियों ने इस काम को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए बिना किसी शिकायत के कठिन मेहनत की। उनका कहना है कि सड़क सुरक्षा सिर्फ नियमों का पालन ही नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और समर्पण का नाम है।
तीनों को मिला सम्मान
इस पहल को लखनऊ के यातायात निदेशालय ने भी खूब सराहा। बुलंदशहर के तीनों ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को लखनऊ बुलाकर यातायात निदेशालय ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। यह सम्मान उनके समर्पण, मेहनत और समाज के प्रति उनकी सेवा भावना को दर्शाता है।
यूपी ट्रैफिक पुलिस की इस मिसाल से पूरे प्रदेश में सकारात्मक संदेश गया है। ये उदाहरण अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना है कि कैसे वे भी अपने काम को मानवता और लगन के साथ करें। बुलंदशहर पुलिसकर्मियों की यह पहल यह साबित करती है कि जब अधिकारी और कर्मी अपने कर्तव्यों को निष्ठा और हौसले के साथ निभाते हैं, तो सड़क सुरक्षा बेहतर होती है और लोगों का भरोसा पुलिस पर मजबूत होता है।