आगरा में टेढ़ी बगिया स्थित एसएन स्टे गेस्ट हाउस में राज चौहान की गोली मारकर हत्या के पांच दिन बाद पुलिस ने चार घंटे के भीतर तीन अलग-अलग मुठभेड़ों में कार्रवाई की। इस कार्रवाई में हत्या के मुख्य आरोपी खंदौली निवासी अरबाज खान उर्फ मंसूरी को पुलिस ने ढेर कर दिया। वहीं दो अन्य बदमाश मोहित पंडित और आशू तिवारी घायल हुए हैं। सभी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
ताबड़तोड़ तीम मुठभेड़
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास के नेतृत्व में नौ पुलिस टीमों ने हत्याकांड के पर्दाफाश के लिए रातभर अभियान चलाया। पहली मुठभेड़ रात 12.30 बजे ट्रांस यमुना क्षेत्र में एटा निवासी मोहित पंडित के साथ हुई। पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में मोहित के पैर में गोली लगी और उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा तथा बाइक बरामद हुई।
दूसरी मुठभेड़ रात 1.30 बजे डौकी क्षेत्र में हुई, जहां बाइक सवार आशू तिवारी पुलिस पर फायरिंग करने लगा। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की और बदमाश के पैर में गोली लगी।
तीसरी मुठभेड़ तड़के चार बजे टेढ़ी बगिया के पास हुई। इस दौरान मुख्य आरोपी अरबाज खान पर पुलिस ने कार्रवाई की। मंसूरी के सीने और पैर में गोली लगी। मुठभेड़ में एसआइ ऋषि और कांस्टेबल मनोज के हाथ में भी गोली लगी, जबकि दो इंस्पेक्टरों की बुलेटप्रूफ जैकेट ने उन्हें गंभीर चोट से बचाया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने अरबाज खान को मृत घोषित किया।