संभल जिले के हयात नगर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने पुलिस महकमे को सख्त कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया। वीडियो में कुछ युवक थाना गेट के सामने अशोभनीय हरकतें करते हुए गाना गाते और नाचते दिखाई दे रहे हैं। गाना था – “एक खटोला जेल के अंदर, एक खटोला जेल के बाहर”।
पुलिस की सख्त कार्रवाई
जैसे ही वीडियो पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा, तत्काल मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि इस कृत्य ने न केवल पुलिस की छवि को ठेस पहुंचाई, बल्कि समाज में गलत संदेश भी प्रसारित किया। उन्होंने कहा, “किसी को भी समाजिक वातावरण बिगाड़ने या शांति भंग करने की छूट नहीं दी जाएगी।”
मामले की गंभीरता देखते हुए बुधवार देर रात हयात नगर थाने में शिवा गौतम, दिनेश, श्रेष्ठ, आशीष, नितिन, विनीत, शरद और मुकुल समेत कुल 12 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया। इनमें चार अज्ञात शामिल हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुवार तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, बाकी की तलाश जारी है।
सूत्रों का कहना है कि यह वीडियो करीब एक साल पुराना है, लेकिन हाल ही में इसे सोशल मीडिया पर दोबारा डाला गया, जिससे यह तेजी से वायरल हो गया। वायरल होते ही स्थानीय स्तर पर भी इस पर चर्चा तेज हो गई थी।
पुलिस की चेतावनी
एसपी विश्नोई ने साफ किया कि इस तरह की हरकतें असामाजिक तत्वों को बढ़ावा देती हैं और समाज को दूषित करती हैं। उन्होंने कहा कि जो भी लोग इस तरह के कृत्य करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।