रायबरेली में हर रविवार सजेगी ‘बहू-बेटी चौपाल’, गांवों में पहुंचकर महिलाओं की सुनेंगी पुलिस टीमें

Share This

 

रायबरेली। महिलाओं की सुरक्षा, जागरूकता और सशक्तिकरण को मजबूत करने के उद्देश्य से रायबरेली में एक नई पहल शुरू की गई है। मिशन शक्ति अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में प्रत्येक रविवार ‘बहू-बेटी चौपाल’ का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के जरिए पुलिस और प्रशासन की टीमें गांव-गांव पहुंचकर महिलाओं और किशोरियों से सीधा संवाद करेंगी तथा उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान कराने का प्रयास करेंगी।

जुलाई महीने में चलेगा अभियान

जिला प्रशासन द्वारा जारी रोस्टर के अनुसार जुलाई 2026 के सभी रविवार को अलग-अलग ग्राम सभाओं में चौपाल आयोजित होगी। प्रत्येक थाना क्षेत्र की मिशन शक्ति टीम महिला पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ गांवों में पहुंचेगी। कार्यक्रम के दौरान महिलाएं घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, छेड़छाड़, साइबर अपराध या अन्य किसी भी समस्या को खुलकर अधिकारियों के सामने रख सकेंगी।

चौपाल में महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा और सुरक्षा संबंधी उपायों की जानकारी भी दी जाएगी। साथ ही वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 और महिला हेल्पलाइन 181 के प्रभावी उपयोग के बारे में जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, स्वरोजगार, ब्याज मुक्त ऋण सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया भी समझाई जाएगी।

फैलाई जाएगी जागरूकता

स्वास्थ्य विभाग की ओर से छोटे परिवार और बेहतर स्वास्थ्य को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जबकि महिलाओं को लोकतंत्र में भागीदारी बढ़ाने के लिए मतदान के प्रति भी प्रेरित किया जाएगा।

प्रशासन और पुलिस ने जिले की सभी महिलाओं, बहुओं और बेटियों से अपील की है कि वे अपने गांव में निर्धारित तिथि पर आयोजित होने वाली इस चौपाल में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपनी समस्याएं साझा करें और सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *