गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिसकर्मियों का आचरण विभागीय मर्यादा के विपरीत पाया गया। जानकारी के अनुसार, सीमापुरी चौकी प्रभारी आशीष जादौन और तीन सिपाहियों अमित, योगेश और ज्ञानेंद्र को निलंबित कर दिया गया है। इन सभी पर आरोप है कि वे एक सक्रिय हिस्ट्रीशीटर अपराधी के जन्मदिन समारोह में शामिल हुए और जश्न मनाया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
जानकारी के मुताबिक, ये मामला तब तूल पकड़ गया जब कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल क्लिप में पुलिसकर्मी अपराधी के साथ डांस करते और जश्न का हिस्सा बनते नजर आए। इस वीडियो के सार्वजनिक होते ही पुलिस विभाग में हलचल मच गई और आला अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए जांच के आदेश दिए।
सभी को किया गया सस्पेंड
जांच के बाद जब आरोप सही पाए गए, तो डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल ने बिना देर किए सभी संबंधित पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया। उन्होंने सख्त संदेश देते हुए कहा कि कानून की रक्षा करने वालों का इस तरह की गतिविधियों में शामिल होना न केवल विभाग की साख को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि जनता का भरोसा भी तोड़ता है।
बताया गया है कि जिस व्यक्ति का जन्मदिन मनाया गया, वह कई आपराधिक मामलों में नामजद है और पहले से पुलिस की निगरानी में था। इस तरह पुलिसकर्मियों का उसका साथ देना विभाग के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है