उत्तराखंड में चार धाम यात्रा शुरू होते ही ऑनलाइन ठगी के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है। होटल बुकिंग, हेलीकॉप्टर टिकट और ट्रैवल पैकेज के नाम पर साइबर अपराधी श्रद्धालुओं को निशाना बना रहे हैं। फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया विज्ञापन और व्हाट्सएप मैसेज के जरिए लोगों को झांसे में लेकर उनसे हजारों रुपये ठगे जा रहे हैं। बढ़ते मामलों को देखते हुए नोएडा कमिश्नरेट पुलिस ने विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है।
नोएडा पुलिस कमिश्नर ने दिए निर्देश
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर साइबर सेल और सभी थाना पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है। लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है कि चार धाम यात्रा से जुड़ी किसी भी तरह की बुकिंग केवल अधिकृत सरकारी वेबसाइट या प्रमाणित पोर्टल से ही कराएं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक साइबर ठग सरकारी पोर्टल जैसी दिखने वाली फर्जी वेबसाइट तैयार कर लोगों को सस्ते पैकेज, वीआईपी दर्शन और हेलीकॉप्टर टिकट का लालच दे रहे हैं।
साइबर अपराधी सोशल मीडिया और गूगल विज्ञापनों के जरिए श्रद्धालुओं तक पहुंच रहे हैं। इसके बाद खुद को अधिकृत ट्रैवल एजेंट बताकर लोगों से संपर्क किया जाता है। कई मामलों में 20 से 30 प्रतिशत तक डिस्काउंट और तुरंत कंफर्म टिकट का दावा कर लोगों पर जल्दी भुगतान करने का दबाव बनाया जाता है। भुगतान के लिए फर्जी यूपीआई आईडी और क्यूआर कोड भेजे जाते हैं। जैसे ही रकम ट्रांसफर होती है, आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हो जाते हैं।
यहां करें शिकायत
साइबर सेल की डीसीपी शैव्या गोयल ने बताया कि हेलीकॉप्टर सेवा की भारी मांग का फायदा उठाकर सबसे ज्यादा ठगी की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक या सोशल मीडिया विज्ञापन पर भरोसा न करें। ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।