मिर्जापुर में वरिष्ठ वकील की हत्या के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी राजेंद्र सोनकर को शनिवार देर रात बरौधा तिराहे के पास घेराबंदी के दौरान पकड़ा गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल हालत में अस्पताल भेजा गया।
ऐसे हुई मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवार को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वह भागने लगा। पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे घायल कर पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिसकर्मी उसे सहारा देकर वाहन तक ले गए और तुरंत इलाज के लिए भर्ती कराया।
इससे पहले शनिवार सुबह करीब 7:15 बजे वकील की उनके घर के पास ही गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह रोज की तरह टहलने निकले थे, तभी हमलावर ने नजदीक से गोली चलाकर उनकी जान ले ली। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
15 घंटे के अंदर आरोपी गिरफ्तार
पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी, जिससे पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में मदद मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पांच टीमें बनाई थीं और आरोपी पर इनाम घोषित किया था। लगातार दबिश के बाद महज 15 घंटे के भीतर आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
हालांकि, इस वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश अभी भी जारी है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है