लखनऊ के गौतमपल्ली थाने में सामने आए गंभीर वसूली प्रकरण के बाद पुलिस विभाग में बड़ा एक्शन लिया गया है। पुलिस कमिश्नर की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद थाने के SHO रत्नेश कुमार सिंह सहित पूरे स्टाफ को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है, खासकर इसलिए क्योंकि यह थाना मुख्यमंत्री आवास क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
ये है मामला
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले बंदरियाबाग चौकी प्रभारी एक युवक को पकड़कर गौतमपल्ली थाने लाए थे। आरोप है कि वहां उससे करीब ढाई लाख रुपये की वसूली की गई। बाद में उसे छोड़ दिया गया। हालांकि, थाने की जनरल डायरी (GD) में युवक की आमद दर्ज होने की पुष्टि हुई है और पूछताछ के बाद रिहा किए जाने की बात भी सामने आई है।
कमिश्नर ने की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर द्वारा जांच कराई गई, जिसमें वसूली के आरोपों की पुष्टि हुई। इसके बाद तत्काल प्रभाव से SHO समेत सभी दरोगा और सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया गया। साथ ही, इस प्रकरण में अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच जारी है।
कार्रवाई के तहत गौतमपल्ली थाने की नई कमान इंस्पेक्टर विपिन सिंह को सौंपी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।