कानपुर में खाकी का रौब! सैंडविच वाले से बोले चौकी प्रभारी- पहले मुझे समझो, तब लगेगी दुकान

Share This

 

कानपुर। फूलबाग में एक छोटी सी सैंडविच की दुकान अब बड़े विवाद की वजह बन गई है। दुकानदार का आरोप है कि चौकी प्रभारी ने उससे पैसे की मांग की और पैसे न देने पर दुकान हटाने की धमकी दी। इस पूरी बहस का वीडियो वायरल हो गया है, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

ये है मामला 

पीड़ित का नाम कार्तिक त्रिपाठी है। फूलबाग में उसकी बमबम सैंडविच के नाम से दुकान है। कार्तिक का कहना है कि सोमवार रात दुकान पर काफी भीड़ थी। इसी दौरान चौकी प्रभारी वहां पहुंचे और भड़क गए। कार्तिक का आरोप है कि चौकी प्रभारी काफी समय से उस पर रुपये देने का दबाव बना रहे थे। रुपये न देने पर उन्होंने दुकान हटवाने और मुकदमा लिखने की धमकी दी।

वायरल वीडियो में दोनों के बीच बहस साफ सुनाई दे रही है। एक तरफ पुलिसकर्मी दुकान हटाने को कह रहे हैं, दूसरी तरफ दुकानदार हाथ जोड़कर मिन्नतें कर रहा है। वीडियो में दुकानदार कहता दिख रहा है कि वह गरीब आदमी है, उसकी दुकान न हटाई जाए। वो पुलिसकर्मी के हाथ जोड़ता और पैर छूता भी नजर आ रहा है।

कार्तिक का कहना है कि उसके पास रिकॉर्डिंग भी है। मंगलवार को वो पुलिस आयुक्त कार्यालय भी पहुंचा, लेकिन अधिकारियों से मुलाकात नहीं हो सकी।

दुकानदार का दावा है कि उसके पास खाद्य विभाग का लाइसेंस है, बिजली का मीटर लगा है और नगर निगम से भी दुकान लगाने की अनुमति की बात हो चुकी है। उसका कहना है कि अगर दुकान हटानी ही है तो पुलिस खुद हटा दे, वो खुद अपनी दुकान नहीं हटाएगा।

एसीपी ने जानकारी 

दूसरी तरफ एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडेय ने आरोपों को तोड़-मरोड़कर पेश करने वाला बताया है। उनका कहना है कि रात में दुकान के पास जमावड़ा लगा था। गश्त के दौरान चौकी प्रभारी वहां गए थे और देर रात तक दुकान खोलने से मना किया था। फिर भी आरोपों की जांच कराई जा रही है।

अब जांच के बाद ही साफ होगा कि ये देर रात तक दुकान खोलने से रोकने का मामला था, या वसूली और दबंगई का।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *