वर्ष 2011 बैच की आईपीएस अधिकारी सुधा सिंह ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) के लिए आवेदन किया है। वर्तमान में वह डीआईजी रेलवे के पद पर तैनात हैं। जानकारी के अनुसार, उनके वीआरएस आवेदन पर कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया जारी है। हालांकि इस विषय में अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
पारिवारिक कारणों से लिया वीआरएस
सूत्रों का मानना है कि सुधा सिंह के वीआरएस लेने के पीछे पारिवारिक कारण हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि उनके पति विनय सिंह, जो स्वयं भी आईपीएस अधिकारी हैं, कुछ समय पहले गंभीर रूप से बीमार हो गए थे। माना जा रहा है कि उनके स्वास्थ्य और पारिवारिक जिम्मेदारियों को देखते हुए सुधा सिंह ने यह निर्णय लिया है। हालांकि सुधा सिंह ने इस बारे में सार्वजनिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की है।
सुधा सिंह एक ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में जानी जाती हैं। उनके वीआरएस आवेदन के बाद पुलिस विभाग में चर्चा का माहौल है, क्योंकि यह अचानक लिया गया निर्णय माना जा रहा है।
ये भी कर चुके हैं आवेदन
इसके साथ ही एक और आईपीएस अधिकारी के वीआरएस लेने की चर्चा है, लेकिन इस संबंध में कोई पुष्टि नहीं हो सकी है। हाल ही में आईपीएस अधिकारी के. सत्यनारायण ने भी वीआरएस (अनिवार्य सेवानिवृत्ति योजना) के तहत आवेदन दिया था, जिसकी प्रक्रिया अभी जारी है।