हाथरस पुलिस को शनिवार देर रात उस समय बड़ी सफलता मिली, जब 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश शानू को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकीय निगरानी में उसका उपचार जारी है।
इस घटना में था फरार
पुलिस के अनुसार, शानू 18 जून को हाथरस गेट क्षेत्र के कैलाश ढाबे पर हुई फायरिंग की घटना में वांछित था। इस मामले में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद गोलियां चली थीं, जिसके चलते क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की और कई संदिग्धों पर इनाम भी घोषित किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि शानू अलीगढ़-आगरा हाईवे के रास्ते अपने गांव गंगचौली पहुंचने वाला है। सूचना मिलते ही एसओजी और स्थानीय थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर दयानतपुर नहर के पास घेराबंदी कर दी। पुलिस का दावा है कि रोकने का प्रयास करने पर आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में जवाबी कार्रवाई के दौरान वह घायल हो गया और पुलिस ने उसे दबोच लिया।
ये सामान बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार शानू के खिलाफ मारपीट, एससी/एसटी एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फायरिंग प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही शेष आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।