हिमाचल प्रदेश के पहले पुलिस महानिदेशक (DGP) आई.बी. नेगी का निधन हो गया है। उनके निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर है। आई.बी. नेगी 1958 बैच के आईपीएस अधिकारी थे, जिन्होंने अपने करियर में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया।
यूपी में भी किया काम
जानकारी के मुताबिक, आईबी नेगी का जन्म 31 अक्टूबर 1932 को हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के सांगला गांव में हुआ था। अपने सेवा काल में उन्होंने हिमाचल प्रदेश पुलिस, अर्धसैनिक बलों (आईटीबीपी और एसएसबी) सहित अन्य महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। वे बोकारो में सीआईएसएफ के डीआईजी के रूप में भी तैनात रहे।
आई.बी. नेगी ने उत्तर प्रदेश में भी कई अहम पदों पर सेवाएं दीं। वे उत्तर प्रदेश के राज्यपाल के एडीसी रहे और नैनीताल व लखीमपुर खीरी में पुलिस अधीक्षक (SP) के रूप में कार्य किया। इसके अलावा, उन्होंने लखनऊ में एसपी, सीआईडी के पद पर भी अपनी सेवाएं दीं।
उन्होंने 1975 में राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय से प्रशिक्षण प्राप्त किया और 1978 में दिल्ली पुलिस आयुक्तालय की स्थापना में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा, वे सीआरपीएफ अकादमी माउंट आबू में उप निदेशक और एसएसबी शिमला में निदेशक के पद पर भी कार्यरत रहे।
योगदान को किया जाएगा याद
1986 में उन्हें हिमाचल प्रदेश के पहले पुलिस महानिदेशक (DGP) के रूप में नियुक्त किया गया और 1990 में सेवानिवृत्त हुए। 1988 में उन्होंने इंटरपोल सम्मेलन में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें राष्ट्रपति पुलिस पदक और पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की। उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।