UP पुलिस मुख्यालय में तीन वरिष्ठ अधिकारियों को भावभीनी विदाई, डीजीपी ने दीं शुभकामनाएं

Share This

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय में शुक्रवार को अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो रहे तीन वरिष्ठ अधिकारियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके लंबे सेवाकाल तथा उल्लेखनीय योगदान को याद करते हुए भावभीनी विदाई दी।

ये हैं तीन अफसर

सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों में एल.वी. एन्टनी देव कुमार, पुलिस महानिदेशक (नियम एवं ग्रंथ), राकेश प्रकाश सिंह, पुलिस महानिरीक्षक, विन्ध्याचल परिक्षेत्र, मीरजापुर तथा मनी राम सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक, मानवाधिकार, उत्तर प्रदेश शामिल रहे। समारोह के दौरान उनके कार्यकाल की उपलब्धियों और विभाग के प्रति समर्पण को सराहा गया।

कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक सीआईडी/साइबर क्राइम बी.के. सिंह, पुलिस महानिदेशक फायर सर्विसेज सुजीत पाण्डेय तथा पुलिस महानिरीक्षक सीआईडी अखिलेश निगम ने अपने संबोधन में सेवानिवृत्त अधिकारियों के साथ बिताए गए अनुभवों को साझा किया। वक्ताओं ने कहा कि इन अधिकारियों ने अपने कार्यकाल में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का परिचय देते हुए पुलिस विभाग को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

डीजीपी ने दी शुभकामनाएं

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने तीनों अधिकारियों को उनके दीर्घ, समर्पित और उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

समारोह के अंत में अधिकारियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भावनात्मक विदाई दी। पुलिस मुख्यालय का यह आयोजन सम्मान, अनुभवों की साझेदारी और सेवा के प्रति समर्पण की मिसाल बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *