गोरखपुर में फर्जी इंस्पेक्टर गिरफ्तार, वर्दी पहनकर करता था ठगी

Share This

 

यूपी के गोरखपुर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने खुद को इंस्पेक्टर बताने वाले एक फर्जी अधिकारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिग्विजय नाथ नाम का युवक पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों को नौकरी दिलाने का झांसा देता था और उनसे मोटी रकम ऐंठता था। पहली नजर में उसकी वर्दी और तीन स्टार देखकर कोई भी उसे असली पुलिस अधिकारी समझ लेता, लेकिन एक छोटी सी गलती ने उसकी पोल खोल दी—वह खाकी वर्दी के साथ स्पोर्ट्स शूज पहने हुए था।

ये है मामला

मामला सिकरीगंज थाना क्षेत्र का है। पुलिस चेकिंग के दौरान दिग्विजय पर शक हुआ और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर उसके पास से पुलिस की वर्दी, नेम प्लेट, बैज, पीकैप, बैरट कैप, बेल्ट बक्कल, सफेद और पीली धातु के स्टार, मोनोग्राम, कूटरचित आईकार्ड, पेनड्राइव, मोबाइल फोन और एक चार पहिया वाहन बरामद हुआ।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी लखवापाकड़ (थाना बेलघाट) का निवासी है। वह न सिर्फ नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करता था, बल्कि सड़क पर चेकिंग का नाटक कर लोगों से वसूली भी करता था। वर्दी में उसका आत्मविश्वास और रौब देखकर लोग आसानी से उसके झांसे में आ जाते थे।

हो रही पूछताछ

फिलहाल पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अधिकारी की पहचान सत्यापित किए बिना उस पर भरोसा न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *